रांची , अक्टूबर 24 -- झारखंड के नगर विकास और पर्यटन मंत्री सुदिव्य कुमार आज राजधानी रांची के विभिन्न छठ घाटों का दौरा किया।

इस दौरान उन्होंने पूजा की तैयारियों, स्वच्छता व्यवस्था, प्रकाश, सुरक्षा एवं अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के क्रम में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और यह सुनिश्चित करने को कहा कि श्रद्धालुओं को छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

श्री कुमार ने कहा कि राज्य सरकार छठ पर्व के सफल आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

श्री कुमार ने प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा- छठ मइया की कृपा सभी झारखण्डवासियों पर सदा बनी रहे। जय छठी मइया।

उल्लेखनीय है कि इस वर्ष 25 अक्टूबर को नहाय-खाय सह कद्दू भात से छठ महापर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान शुरू हो रहा है। 26 अक्टूबर को शाम में छठ पर्व का खरना पूजन होगा। इसके बाद छठ व्रतियों द्वारा खीर-रोटी खाने के बाद कार्तिक छठ के समापन होने तक करीब 36 घंटे तक का निर्जला उपवास शुरू हो जाएगा। 27 अक्टूबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पण किया जाएगा। 28 अक्टूबर को प्रात: बेला में उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा और इसके साथ ही छठ महापर्व का समापन हो जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित