रांची , जनवरी 09 -- झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने आज खूंटी में पड़हा राजा सोमा मुंडा के परिजनों से मुलाकात की।
पड़हा राजा सोमा मुंडा की दो दिन पूर्व खूंटी में गोली मार कर हत्या कर दी गई थी।
सुश्री तिर्की ने खूंटी के मुंडा चलागी गांव पहुंच कर मृतक के परिजनों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने इस मौके पर कहा कि ये घटना आदिवासी समाज के लिए बेहद ही दुखद है। इस घटना की जितनी भी निंदा की जाए कम है। पड़हा राजा सोमा मुंडा सामाजिक मामलों में हमेशा ही सक्रिय और संवेदनशील भूमिका निभाते रहे।
सुश्री तिर्की ने कहा कि दुख की इस घड़ी में हम सभी की संवेदनाएं मृतक के परिजनों के साथ है। राज्य सरकार इस घटना को लेकर गंभीर है और मृतक के परिजनों को जरूर न्याय मिलेगा। इस दौरान स्थानीय सांसद कालीचरण मुंडा, सामाजिक कार्यकर्ता दयामनी बारला, खूंटी जिला अध्यक्ष रवि मिश्रा, विल्सन भी मौजूद रहीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित