भोपाल , दिसंबर 19 -- मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदेश महिला कांग्रेस ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में जोरदार प्रदर्शन किया। श्यामला हिल्स स्थित मंत्री विजय शाह के बंगले की ओर प्रदर्शन करने जा रहीं सैकड़ों महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने रास्ते में ही गिरफ्तार कर लिया। महिलाओं के सम्मान के मुद्दे पर प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया ने भी अपने सैकड़ों साथियों के साथ गिरफ्तारी दी।
प्रदेश महिला कांग्रेस का यह प्रदर्शन मंत्री विजय शाह द्वारा हाल ही में रतलाम में अधिकारियों की बैठक के दौरान लाडली बहना योजना की लाभार्थी महिलाओं को लेकर की गई कथित अपमानजनक टिप्पणी के विरोध में किया गया। महिला कांग्रेस ने इसे महिलाओं के सम्मान पर सीधा हमला बताते हुए मंत्री को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग की है। इसके विरोध में पिछले दो दिनों से महिला कांग्रेस द्वारा प्रदेशभर के जिलों और शहरों में मंत्री विजय शाह के पुतले भी जलाए गए।
शुक्रवार को प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष रीना बौरासी सेतिया के नेतृत्व में सैकड़ों महिला कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एकत्रित हुईं और वहां से जुलूस के रूप में श्यामला हिल्स की ओर रवाना हुईं। जुलूस को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में नाकाबंदी कर दी और आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद महिला कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए सभी प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद रीना बौरासी सेतिया ने कहा कि महिलाओं के प्रति अपमानजनक भाषा और सोच किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का कोई भी मंत्री यदि महिलाओं का अनादर करेगा तो महिला कांग्रेस उसके खिलाफ सड़कों पर उतरकर संघर्ष करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि महिलाओं के प्रति गंदी सोच रखने वाले मंत्री विजय शाह को तत्काल मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो महिला कांग्रेस आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित