इंदौर , फरवरी 7 -- भारतीय सेना की महिला अधिकारी कर्नल सौफिया कुरैशी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर मंत्री विजय शाह ने एक बार फिर सफाई पेश की है। शनिवार को इंदौर स्थित रेसीडेंसी कोठी में चुनिंदा पत्रकारों को बुलाकर मंत्री शाह ने पुनः बिना शर्त माफी मांगी।
मंत्री विजय शाह ने कहा कि उनके शब्द भावनाओं के अनुरूप नहीं थे और उनका उद्देश्य न किसी महिला अधिकारी का, न भारतीय सेना का और न ही किसी वर्ग का अपमान करना था। उन्होंने स्वीकार किया कि सार्वजनिक जीवन में शब्दों की मर्यादा और संवेदनशीलता अत्यंत आवश्यक है।
इस दौरान मंत्री शाह ने एक लिखित खेद-पत्र भी जारी किया। पत्र में उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी देशभक्ति के उत्साह और आवेश में निकली थी, जिसे गलत संदर्भ में लिया गया। उन्होंने आत्ममंथन की बात करते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से उन्हें सीख मिली है।
खेद-पत्र में मंत्री शाह ने लिखा कि उन्होंने पहले भी कई बार स्पष्ट किया है और आज फिर दोहरा रहे हैं कि उनका किसी को आहत करने का कोई उद्देश्य नहीं था। उनकी भावना को गलत समझा गया। भारतीय सेना के प्रति उनका सम्मान सदैव रहा है और आगे भी बना रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित