रांची , नवम्बर 21 -- झारखंड की ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम पर बड़ा बयान देते हुए कहा कि महागठबंधन की हार वोट की हेराफेरी का नतीजा है।
श्रीमती सिंह ने कहा कि चुनाव के अंतिम चरण में एसआईआर प्रक्रिया लागू कर करीब 65 लाख लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटा दिए गए, जो चुनाव परिणाम को प्रभावित करने वाला बड़ा कारण बना।
मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पहले ही चेतावनी दी थी कि किस तरह मतदाता सूची में हेराफेरी कर चुनाव परिणाम को प्रभावित किया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में एनडीए सरकार वोट चोरी के सहारे बनी है और केंद्र के दबाव में चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।
उन्होंने कहा कि झारखंड सरकार एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ नहीं है, लेकिन यह चाहती है कि इसे पारदर्शी तरीके से लागू किया जाए ताकि किसी मतदाता के अधिकारों पर आंच न आए। मंत्री ने कहा कि अगर यह प्रक्रिया निष्पक्ष न रही, तो लोकतंत्र की नींव कमजोर होगी।
गढ़वा प्रवास के दौरान दीपिका पांडेय सिंह ने जिले की महिला कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार राज्य के हर क्षेत्र के समग्र विकास के लिए संकल्पित है। गढ़वा में सड़कों, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से सुधार किया जा रहा है।
इस दौरान उन्होंने श्रीबंशीधर भगवान के मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की शांति और समृद्धि की कामना की। मंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में ग्रामीण इलाकों के विकास के लिए कई नई योजनाएं शुरू की जाएंगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित