भोपाल , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोर बंगले के स्टोर रूम से ट्रॉफियां, मोमेंटो और शील्ड लेकर फरार हो गए।पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह वारदात दो और तीन अप्रैल की दरमियानी रात की है, जिसका खुलासा आज सोमवार की सुबह हुआ। स्टोर रूम का ताला टूटा मिला और अंदर रखा सामान गायब था। टीटी नगर थाना पुलिस के मुताबिक, चोरी गई वस्तुएं मंत्री को विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मानस्वरूप मिली थीं। फिलहाल इनकी कीमत का आकलन किया जा रहा है।

जांच में यह भी सामने आया है कि जिस स्टोर रूम में चोरी हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे थे, जिससे आरोपियों की पहचान में कठिनाई आ रही है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित