भोपाल , दिसंबर 10 -- मध्यप्रदेश शासन के मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी जनसमस्याओं को सुना और कई मुद्दों का मौके पर ही समाधान कराया। जिन समस्याओं का त्वरित समाधान संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को भेज दिया गया।

श्री सिंह ने कार्यकर्ताओं से संवाद उपरांत मीडिया से चर्चा में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल द्वारा शुरू की गई यह संवाद व्यवस्था मंत्रियों को कार्यकर्ताओं और जनता से सीधे जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि संवाद के दौरान प्राप्त फीडबैक प्रदेश सरकार की योजनाओं को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होगा। श्री सिंह ने इस नवाचार के लिए मुख्यमंत्री एवं प्रदेश अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया।

श्री सिंह ने कहा कि अब कार्यकर्ताओं को जनसमस्याओं के समाधान के लिए मंत्रियों के बंगले या वल्लभ भवन जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में ही मंत्रियों के साथ होने वाले संवाद में समस्याओं का निराकरण किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि आज के संवाद में अनेक कार्यकर्ताओं और वरिष्ठजनों ने विभिन्न विषयों से संबंधित समस्याएं रखीं, जिनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि संवाद के दौरान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर उपयोगी सुझाव और मूल्यवान फीडबैक मिल रहा है, जो नीतियों को और प्रभावी बनाने में सहायक होगा।

श्री सिंह के अनुसार, यह व्यवस्था कार्यकर्ताओं और आम जनता दोनों के लिए अत्यंत सुविधाजनक साबित हो रही है, जिससे समय, ऊर्जा और संसाधनों की बचत हो रही है। आने वाले समय में यह पहल सरकार, संगठन और जनता के बीच मजबूत और लाभकारी सेतु का कार्य करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित