बारां , दिसम्बर 12 -- राजस्थान में प्रसिद्ध कृषि मंडियों में शुमार बारां धान मंडी व्यापार संघ 'क' वर्ग के हुए चुनाव में शुक्रवार को हुये मतदान के बाद तीसरी बार मनीष लश्करी अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किये गये।
उन्होंने अपने प्रतिद्वंदी रमेश तिवारी को 35 मतों से शिकस्त दी। व्यापार संघ चुनाव में इस बार कुल 230 में से 229 व्यापारिक सदस्यों ने मताधिकार का उपयोग किया।
श्री लश्करी के तीसरी बार कृषि उपज मंडी क वर्ग व्यापार संघ के अध्यक्ष चुने जाने की घोषणा के तुरंत बाद व्यापारियों में हर्ष की लहर दौड़ गयी और समर्थकों ने आतिशबाजी करके जश्न मनाया।
मंडी व्यापार संघ चुनाव कार्यक्रम कृषि उपज मंडी परिसर के किसान भवन में मतदान प्रक्रिया से शुरू हुआ। इसमें कुल 230 सदस्यों में से 229 सदस्यों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। मतदान दोपहर दो बजे तक चला। उसके बाद मतगणना शुरू हुई।
मुख्य चुनाव अधिकारी सत्यप्रकाश जालान ने बताया कि मतगणना समाप्ति के बाद लश्करी को 132 मत मिले जबकि रमेश तिवारी को 97 मत मिले। इस प्रकार मनीष लश्करी को 35 मतों के अंतर से विजयी घोषित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित