जयपुर , जनवरी 22 -- राजस्थान में शेखावाटी की हवेलियों का संरक्षण और मंडावा को विरासत संरक्षण मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री और पर्यटन, कला एवं संस्कृति मंत्री दिया कुमारी ने गुरुवार को विभाग के लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक में इस संबंध में निर्देश दिये। उन्होंने शेखावाटी की हवेलियों के संरक्षण के संबंध में प्रगति की जानकारी ली तथा मंडावा को विरासत संरक्षण के मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिये।
उन्होंने फोन ऐप, आमेर मास्टर प्लान, पुरालेखों का डिजिटलीकरण, मीडिया स्थान, प्रताप टूरिस्ट सर्किट, पुष्कर कोरिडोर, जेकेके टेंडर, रवीन्द्र रंगमंच रिनोवेशन, आरटीआईसी बोर्ड, माइस सेंटर के लिए भूमि आवंटन, अल्बर्ट हॉल टेंडर आदि प्रोजेक्ट पर प्रगति की जानकारी ली तथा इन कार्यों को टाइम लाइन्स के आधार पर त्वरित गति से क्रियान्वित करने के निर्देश दिये।
श्रीमती दिया कुमारी ने राज्य की बावड़ियों के संरक्षण के लिए भी समग्र कार्य योजना बनाकर कार्य किये जाने के निर्देश दिये। उन्होंने इस क्षेत्र में अन्य अच्छे कार्यों का अनुसरण करने के भी निर्देश दिये। उनकी अध्यक्षता में यूडीएच एवं एलएसजी विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में होटल इण्डस्ट्री के प्रतिनिधियों से होटल इण्डस्ट्री को सुविधाएं दिये जाने तथा उनको आने वाली समस्याओं के निराकरण पर भी चर्चा की गयी।
उप मुख्यमंत्री ने निर्देश दिये कि राज्य में होटल इण्डस्ट्री को भूमि आवंटन तथा नयी होटल यूनिट स्थापित करने, उन्हें लाइसेंस दिये जाने, फायर एनओसी दिये जाने तथा अन्य सरकारी प्रक्रिया में आसानी से अनुमति मिल सकेगी तो वे राज्य पर्यटन विकास में अपना योगदान बेहतर रूप में दे सकेंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए सिंगल विंडों क्लिरियंस को प्राथमिकता देनी होगी।
उप मुख्यमंत्री ने बैठक के बाद पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि राजस्थान में बावड़ियों के संरक्षण के लिए बेहतरीन कार्य किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारी कई बावड़ियों पर पहले से ही संरक्षण के काम किये जा रहे हैं, जिनमें से कुछ काम हो भी चुके हैं। बावड़ियों के संरक्षण के लिए हम उन सब कार्यों का एक पूरा प्रलेखन तैयार कर रहे हैं, जिसके आधार पर राज्य में आगे और कौन-कौन सी बावड़ियों का संरक्षण किया जा सकता है, इसके लिए भी कार्य योजना बनाकर कार्य किया जाएगा।
श्रीमती दिया कुमारी ने कहा कि हमारी विरासत पांडुलिपियों पर काम चल रहा हैं, उसके बारे में भी चर्चा हुई हैं और आवश्यक निर्देश दिये गये हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले बजट में कौन-कौन से महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया जा सकता है इस पर भी चर्चा की गयीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित