नयी दिल्ली , मार्च 02 -- दुनिया के कई देशों में मंगलवार शाम को पूर्ण चंद्रग्रहण लगेगा, जो भारत के पश्चिमी हिस्से के कुछ स्थानों को छोड़कर लगभग सभी स्थानों पर दिखायी देगा।
खगोल विज्ञान केंद्र ने बताया कि देश के ज्यादातर हिस्सों में चंद्र ग्रहण का आखिरी चरण दिखायी देगा। देश के पूर्वोत्तर क्षेत्र और अंडमान तथा निकोबार द्वीप समूह में चाँद थोड़ा पहले उग जाएगा, इसलिए वहाँ के लोग पूर्ण चंद्रग्रहण देख पाएंगे।
भारतीय समयानुसार, चंद्र ग्रहण अपराह्न 3:20 बजे पर शुरू होगा और शाम 6:48 बजे पर समाप्त हो जाएगा। लेकिन 'पूर्ण चंद्र ग्रहण' की शुरूआत अपराह्न 4:34 बजे से होगी और समाप्ति 5:35 बजे पर होगी।
चंद्र ग्रहण पूर्वी एशिया, ऑस्ट्रेलिया, प्रशांत महासागर और उत्तरी तथा दक्षिणी अमेरिका में भी दिखायी देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित