पटना , दिसंबर 02 -- बिहार के उप मुख्यमंत्री और राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने मंगलवार को कहा कि प्रदेश में कार्यरत भ्रष्ट कर्मचारियों की संपत्ति की जांच की जाएगी और किस भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी जाएगी।

श्री सिन्हा ने आज अपने कार्यालय कक्ष में विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।उन्होंने समीक्षा के दौरान दाखिल-खारिज, परिमार्जन प्लस, शिकायत प्रबंधन प्रणाली, भूमि सर्वेक्षण एवं भू-लगान भुगतान जैसे महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज मामलों की तिथिवार प्रगति रिपोर्ट प्रतिदिन तैयार होनी चाहिए, जिसमें अंचलाधिकारी से लेकर प्रमंडलीय आयुक्त स्तर तक की स्थिति स्पष्ट हो।उन्होंने कहा कि निर्धारित समय सीमा में कितना काम हो रहा है, यह दिन-प्रतिदिन की रिपोर्ट में साफ दिखना चाहिए।

उप मुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने विभागीय कार्यप्रणाली में व्यापक सुधार की आवश्यकता जताते हुए सभी स्तर के अधिकारियों की ग्रेडिंग करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उनकी संपत्ति की जांच कर उन पर नकेल कसी जाएगी। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचारियों के लिए विभाग में कोई जगह नहीं है।

श्री सिन्हा ने अंचल कार्यालयों में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सभी अंचल कार्यालयों में सीसीटीवी लगाने और अधिकारियों,कर्मचारियों के नाम, पदनाम एवं संपर्क नंबर सहित सूचनापट प्रदर्शित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी का कमांड एवं कंट्रोल सिस्टम मुख्यालय में स्थापित हो, जिससे प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की गतिविधियों की निगरानी संभव हो सके।

उपमुख्यमंत्री ने राजस्व कर्मचारियों के कार्यों की मॉनिटरिंग के लिए अलग सेल गठन करने और मुख्यालय स्तर पर उड़नदस्ता तैयार कर अंचलों में अचानक निरीक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।

श्री सिन्हा ने बताया कि 15 दिसंबर से वह स्वयं जिलों का दौरा कर राजस्व कार्यों की समीक्षा करेंगे, जिसकी शुरुआत लखीसराय जिले से होगी। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े कार्यों में सरल एवं आम समझ वाले शब्दों का प्रयोग बढ़ाया जाए, जिससे आमजन का विभाग पर विश्वास और जुड़ाव मजबूत हो।

बैठक में प्रधान सचिव सी.के अनिल ने उप मुख्यमंत्री के निर्देशों का समय से पालन करने का निर्देश सभी अधिकारियों को दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित