भोपाल , जनवरी 22 -- मध्यप्रदेश समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने समाचार पत्रों में प्रकाशित खबर के संदर्भ में कहा कि मुख्य सचिव द्वारा यह स्वीकार करना कि प्रदेश के जिलों और विभागों में बिना पैसे के काम नहीं हो रहा, राज्य सरकार की विफलता का खुला प्रमाण है।

डॉ. यादव ने कहा कि जब कलेक्टर और एसपी राज्य सरकार के अधीन हैं, तो फिर प्रदेश में व्यापक भ्रष्टाचार क्यों फैला हुआ है। अब तक किसी भी कलेक्टर या एसपी पर ऐसी कठोर कार्रवाई क्यों नहीं हुई, जिससे अन्य अधिकारियों में भय का वातावरण बने। उन्होंने आरोप लगाया कि जो अधिकारी भ्रष्टाचार के खिलाफ खड़ा होता है, उसका तबादला कर दिया जाता है, जबकि भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं होती।

उन्होंने कहा कि जब सरकार स्वयं ट्रांसफर-पोस्टिंग में लेन-देन को बढ़ावा देगी, तो स्वाभाविक है कि भ्रष्टाचार नीचे तक फैलेगा। यदि अधिकारियों की संपत्ति की निष्पक्ष जांच कराई जाए, तो पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी।

सपा प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार से मांग की कि भ्रष्टाचार स्वीकार करने के बाद अब ठोस और प्रभावी कार्रवाई भी की जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता की समस्याओं से बेपरवाह होकर लूट और भ्रष्टाचार को संरक्षण दे रही है। डॉ. यादव ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार किसी एक भी बड़े अधिकारी पर सख्त कार्रवाई करती है, तो समाजवादी पार्टी उसका स्वागत करेगी, लेकिन वर्तमान में सरकार की नीयत और नीति दोनों ही सवालों के घेरे में हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित