भीलवाड़ा , अप्रैल 06 -- राजस्थान में कार्मिक विभाग ने सोमवार को एक कड़ा कदम उठाते हुए भीलवाड़ा में तैनात 2023 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी माधव उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से पदस्थापन आदेशों की प्रतीक्षा सूची (एपीओ) में डाल दिया है।

कार्मिक विभाग के संयुक्त शासन सचिव डॉ. धीरज कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश के अनुसार, भीलवाड़ा सदर वृत्त के सहायक पुलिस अधीक्षक (एएसपी) माधव उपाध्याय को प्रशासनिक कारणों के कारण आगामी आदेशों तक प्रतीक्षा सूची में रखा गया है। उन्हें तुरंत अपना पद छोड़कर जयपुर स्थित कार्मिक विभाग के मुख्यालय में अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले दिनों जहाजपुर सीट से विधायक के पूर्व निजी सचिव सहित चार लोगों को पुलिस ने व्यापारियों को डरा-धमकाकर 30-30 हजार रुपये की 'मासिक बंदी' मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इस गिरोह के सरगना के साथ श्री उपाध्याय के नजदीकी संबंधों की खबरें और कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। माना जा रहा है कि भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों और वीडियो के सामने आने के बाद सरकार ने यह त्वरित कार्रवाई की है।

सूत्रों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए भीलवाड़ा के पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने इस पूरे मामले में विस्तृत जांच के आदेश दिये हैं। राज्य सरकार ने भी इस मामले को बेहद गंभीरता से लिया है और जयपुर स्तर से भी उच्च स्तरीय जांच के निर्देश दिये गये हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित