नयी दिल्ली , अक्टूबर 09 -- केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि भ्रष्टाचार कम करने और विज्ञापनों पर कम पैसा खर्च करने मात्र से ही यमुना का शुद्धिकरण हो जाएगा।
श्री शाह ने गुरुवार को यहां दिल्ली सरकार की लगभग 1816 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के बाद कहा कि हाल ही में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में लगातार काम करते हुए 24 वर्षों की यात्रा पूरी की है। प्रधानमंत्री के रूप में देश में पहला व्यक्तित्व ऐसा है जो लगातार 24 साल के लंबे समय से एक बड़े राज्य के मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने इन 24 साल में अपने शासन के दौरान अनेक नई शुरूआत की जिनसे हमारे देश के स्वतंत्रता सेनानियों के स्वप्नों को पूरा करने की नींव डालने का काम हुआ है। उन्होंने कहा कि देश में सुशासन को ज़मीन पर उतारने का काम हमारे नेता एवं प्रधानमंत्री मोदी ने किया है।
उन्होंने कहा कि श्री मोदी ने देश को सुरक्षित करने, अर्थतंत्र को आगे बढ़ाने और 2047 में देश की आज़ादी की शताब्दी के समय हर क्षेत्र में देश को सर्वप्रथम बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के दिन सेवा पखवाड़ा शुरू हुआ था औऱ उस दिन भी दिल्ली में 1700 करोड़ रूपए से अधिक की 17 परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन हुआ था। आज जब सेवा पखवाड़ा समाप्त हो रहा है तब भी 1800 करोड़ रुपए की लागत वाली 11 योजनाओं का लोकार्पण और आठ योजनाओं का शिलान्यास हो रहा है।
श्री शाह ने कहा कि आज के कार्यक्रम का एक अलग महत्व भी है क्योंकि इसमें शुरू हुए लगभग 80 प्रतिशत काम यमुना को निर्मल बनाने की योजनाओं के साथ जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि जब दिल्ली की जनता ने परिवर्तन को चुना तब प्रधानमंत्री ने कहा था कि हमारी सरकार की प्राथमिकता में सर्वोच्च स्थान पर मां यमुना को शुद्ध करना है। श्री मोदी ने वादा किया था कि हम 2029 से पहले यमुना जी को स्वच्छ करने का काम पूरा कर देंगे। उन्होंने कहा है कि भ्रष्टाचार कम करने और विज्ञापनों पर कम पैसा खर्च करने मात्र से ही यमुना जी का शुद्धिकरण हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आज यमुना के शुद्धिकरण औऱ साफ यमुना के स्वप्न को साकार करने का रास्ता प्रशस्त हो चुका है।
केन्द्रीय गृह मंत्री ने कहा कि यमुना के शुद्धिकरण का प्रधानमंत्री मोदी का संकल्प राजनीति नहीं बल्कि यमुना के प्रति जनमानस में स्थापित पवित्र स्थान का सम्मान करने का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में 15 साल और 11 साल रही पिछली सरकारों के शासन में दिल्ली की जनता विकास से महरूम रही है लेकिन हमारी सरकार हमारी राजधानी को पूरी दुनिया में विकास के कारण प्रसिद्ध करने के संकल्प के साथ काम कर रही है।
श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री ने नवरात्र के पहले दिन ही 395 से अधिक वस्तुओं की वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) दरों में कमी कर या तो उन्हें शून्य या पांच प्रतिशत कर दिया। उन्होंने कहा कि इससे पहले बजट में 12 लाख रुपए तक की आय पर शून्य आयकर कर दिया गया। इन दोनों पहल को एक साथ देखें तो जनता को लगभग ढाई लाख करोड़ रुपए की बचत हुई है। श्री शाह ने कहा कि यह परिवर्तन इसीलिए संभव हुआ है कि लगातार तीसरी बार देश की जनता ने श्री मोदी को प्रधानमंत्री बनाया है।
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार के शासन में दिल्ली में कूड़े के पहाड़ 65 मीटर तक ऊंचे हो गए थे। उन्होंने कहा कि एक जनवरी, 2028 को दिल्लीवासियों कूड़े का पहाड़ नहीं दिखेगा बल्कि उन स्थानों पर सुंदर बगीचे का निर्माण शुरू हो जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित