भोपाल , अक्टूबर 17 -- भोपाल रेल मंडल ने सेवाओं की गुणवत्ता सुधार और राजस्व वृद्धि की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया के नेतृत्व में वाणिज्य विभाग की टीम के समन्वित प्रयासों से मंडल ने सितंबर 2025 में कुल Rs.141.38 करोड़ का राजस्व अर्जित किया।
कुल आय में यात्रियों से प्राप्त Rs.81.83 करोड़ का सर्वाधिक योगदान रहा, जो लगभग 32.60 लाख यात्रियों से प्राप्त हुआ। इसके अलावा माल परिवहन से Rs.51.98 करोड़, अन्य कोचिंग सेवाओं से Rs.4.64 करोड़ और विविध स्रोतों से Rs.2.93 करोड़ की आय हुई। यह दर्शाता है कि मंडल ने यात्री सुविधाओं और माल ढुलाई - दोनों क्षेत्रों में संतुलित और उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।
भोपाल रेल मंडल प्रशासन ने कहा है कि वह यात्रियों को सुगम, सुरक्षित और शिकायत रहित रेल सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही, राजस्व वृद्धि के लिए आधुनिक तकनीकों, बेहतर ग्राहक सेवा और व्यावसायिक रणनीतियों के माध्यम से लगातार कार्य जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित