भोपाल , मार्च 23 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेशवासियों को भारतीय सेना की समृद्ध विरासत से परिचित कराना और युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से 15 जनवरी 2027 को भोपाल में भव्य सेना दिवस परेड आयोजित की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव यहां मुख्यमंत्री निवास में चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ जनरल उपेंद्र द्विवेदी के साथ आयोजित बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय आयोजनों के विकेंद्रीकरण से सेना और आमजन के बीच जुड़ाव मजबूत हुआ है। भोपाल में आयोजित होने वाले कार्यक्रम नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह की तर्ज पर होंगे और राज्य सरकार भारतीय सेना को हरसंभव सहयोग प्रदान करेगी।

बैठक में सेना प्रमुख जनरल द्विवेदी ने बताया कि सेना दिवस के अवसर पर परेड के साथ सैन्य प्रदर्शनी, सैन्य अभ्यास, शौर्य संध्या और सेवानिवृत्त सैनिकों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रमों की शुरुआत एक नवंबर 2026 को 'मेरी माटी अभियान' से होगी, जिसके तहत प्रदेश के विभिन्न जिलों से मिट्टी लाकर शौर्य स्मारक में संकल्प वृक्ष लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि सैन्य प्रदर्शनी सात से बारह जनवरी तक जंबूरी मैदान में आयोजित होगी, जबकि बड़े तालाब में 11 और 12 जनवरी को सैन्य अभ्यास और अन्य गतिविधियां होंगी।

परेड के लिए अटल पथ, एयरोसिटी रोड और भेल क्षेत्र के मार्ग प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि शौर्य संध्या का आयोजन टीटी नगर स्टेडियम में किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सेना और नागरिक प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के साथ युवाओं में देशसेवा की भावना को प्रोत्साहित करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित