भोपाल , मार्च 30 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में मामूली विवाद के दौरान एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के विरोध में परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम कर प्रदर्शन किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान विजय मेवाड़ा (35) निवासी सुभाष कॉलोनी के रूप में हुई है, जो चाय का कारोबार करता था। वह देर रात होटल बंद कर अपने कर्मचारियों को छोड़ने जा रहा था, तभी रास्ते में विवाद हो गया।
बताया गया है कि आरोपियों ने मृतक के कर्मचारियों के साथ अभद्रता शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर विजय मेवाड़ा ने मुख्य आरोपी को 'बेटा' कहकर समझाने का प्रयास किया, जिससे विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने चाकू से उस पर हमला कर दिया। उसके साथियों ने भी मारपीट की। घायल को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने सुभाष कॉलोनी में चक्काजाम कर दिया। इस दौरान हिन्दूवादी संगठन के लोगों ने भी थाने का घेराव किया। हालंकि बाद में पुलिस की समझाइश के बाद करीब आधे घंटे में जाम खुल सका। इस दौरान हमीदिया अस्पताल के बाहर भी हंगामा हुआ, जहां पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस ने मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जबकि मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम फरार बताया गया है। उसकी तलाश की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित