भोपाल , मार्च 17 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित नापतौल विभाग मुख्यालय को लगातार दूसरे दिन ईमेल के माध्यम से आरडीएक्स बम से उड़ाने की धमकी मिलने से कर्मचारियों में दहशत का माहौल बन गया, हालांकि पुलिस जांच में यह सूचना असत्य पाई गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नापतौल विभाग को आज पुनः एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें परिसर में दो आरडीएक्स बम फटने की बात कही गई थी। सूचना मिलते ही विभाग में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में भय का वातावरण निर्मित हो गया।

सूचना पर पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और परिसर की गहन जांच की। जांच के दौरान किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक नहीं मिला, जिसके बाद यह स्पष्ट हुआ कि धमकी भरा मेल झूठा था।

मध्य प्रदेश नापतौल अधिकारी कर्मचारी संघर्ष समिति के प्रदेश अध्यक्ष उमाशंकर तिवारी ने बताया कि लगातार दूसरे दिन इस प्रकार की धमकी मिलने से शासकीय कार्य प्रभावित हो रहे हैं, विशेषकर वित्तीय वर्ष के दौरान ऐसी घटनाएं चिंता का विषय हैं। उन्होंने ऐसे असामाजिक तत्वों की शीघ्र पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और धमकी भरा ईमेल भेजने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित