भोपाल , अप्रैल 6 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में आज सोमवार को राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) कमांडो ने विभिन्न आतंक निरोधक अभियानों का प्रभावी प्रदर्शन किया। इस दौरान कमांडो ने हेलीकॉप्टर से उतरकर इमारत में प्रवेश, आतंकियों से मुकाबला, बम खोजने और निष्क्रिय करने सहित कई लाइव ड्रिल प्रस्तुत कीं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव, पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाणा और एनएसजी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कमांडो ने डॉग स्क्वॉड के माध्यम से आईईडी की पहचान, आम नागरिकों को सुरक्षित निकालने और बहुमंजिला इमारतों में कार्रवाई जैसी क्षमताओं का प्रदर्शन किया।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कहा कि राज्य में काउंटर टेररिज्म ग्रुप के गठन के लिए लगभग 200 करोड़ रुपए की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की गई है। इसके तहत भोपाल के ग्राम तूमड़ा में प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया जाएगा, जिससे भविष्य में सभी प्रकार के खतरों से निपटने की क्षमता विकसित होगी।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा व्यवस्था निरंतर मजबूत हो रही है और संकट के समय एनएसजी जैसे बल महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बलों के पराक्रम की सराहना करते हुए कहा कि देश किसी को उकसाता नहीं है, लेकिन यदि कोई चुनौती देता है तो उसे उचित जवाब दिया जाएगा।
कार्यक्रम में कमांडो ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिथरिंग, हाउस इंटरवेंशन, एंटी-ड्रोन तकनीक, बम निष्क्रियकरण और हैंड-टू-हैंड कॉम्बैट जैसी कार्रवाई का प्रदर्शन किया। साथ ही वीआईपी सुरक्षा और आपदा की स्थिति में बचाव कार्यों का भी अभ्यास दिखाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित