भोपाल , मार्च 22 -- भोपाल नगर निगम परिषद की 23 मार्च को होने वाली बैठक में करीब 3500 करोड़ रुपये का बजट पेश किये जाने के अनुमान लगाया जा रहा है, जिसमें कर वृद्धि की संभावना कम बताई जा रही है। वही बैठक में विभिन्न मुद्दों पर सत्ता पक्ष को विपक्ष के विरोध का सामना करना पड़ सकता है। सूत्रों के अनुसार मंत्री और विधायकों की आपत्तियों के बाद इस बार प्रॉपर्टी टैक्स या जल कर बढ़ाने की संभावना कम है। पिछली बार निगम का बजट 3611 करोड़ रुपये का था।

नगर निगम भोपाल में वरिष्ठ कांग्रेस पार्षद योगेन्द्र सिंह चौहान गुड्डू ने बाताया कि बजट बैठक में स्लॉटर हाउस में गोमांस मिलने का मामला, लिंक रोड नंबर-2 स्थित नई बिल्डिंग से जुड़ी घटनाएं और हालिया लोकायुक्त कार्रवाई प्रमुख मुद्दे रहेंगे जिस पर कांग्रेस पार्षद दल नगर सरकार का घेराव करेगी। वही इन मामलों को लेकर विपक्ष द्वारा हंगामे की संभावना जताई जा रही है।

जबकि परिषद की बैठक में शहर में पार्किंग व्यवस्था सुधारने के लिए 14 नई पार्किंग के प्रस्ताव पर भी चर्चा होगी। इनमें से पांच पार्किंग मेट्रो स्टेशनों के नीचे विकसित करने की योजना है, जिससे फोर व्हीलर और टू व्हीलर वाहनों के लिए सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

इसके अलावा आदमपुर खंती में लीगेसी वेस्ट के निपटान के लिए लगभग 55.54 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी परिषद में रखा जाएगा। वहीं, निगम के 145 अनुपयोगी वाहनों को कंडम घोषित करने का प्रस्ताव भी विचाराधीन रहेगा।

बताया गया है कि शहर में मेट्रो स्टेशनों के निर्माण के बावजूद पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर निगम द्वारा मेट्रो स्टेशनों के नीचे पार्किंग विकसित करने की योजना बनाई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित