भोपाल , दिसंबर 22 -- मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री अमित शर्मा ने दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर के दौरान हुई भारी अनियमितताओं एवं गंभीर गड़बड़ियों को लेकर सोमवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के समक्ष औपचारिक शिकायत प्रस्तुत की। इस अवसर पर उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईआर के नाम पर बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा किया गया है।
अमित शर्मा ने कहा कि एक ही पते पर दर्जनों नाम दर्ज पाए गए हैं, जिससे साफ तौर पर अनियमितता उजागर होती है, इसके बावजूद ऐसे नामों को एसआईआर प्रक्रिया में नहीं हटाया गया। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसके संरक्षण में यह गड़बड़ियां चल रही हैं।
कांग्रेस महामंत्री ने कहा कि यह मामला केवल प्रशासनिक चूक का नहीं, बल्कि चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने की गंभीर साजिश का प्रतीक है। यदि समय रहते फर्जी नामों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि सिस्टम स्वयं इस गड़बड़ी में शामिल है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा के लिए यह लड़ाई लड़ रही है और यदि आवश्यक हुआ तो न्यायालय का दरवाजा भी खटखटाया जाएगा। वोटर लिस्ट से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित