भोपाल , मार्च 12 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के जवाहर चौक क्षेत्र में गुरुवार दोपहर पांच दुकानों के छज्जे अचानक गिर जाने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय दुकानदार जान बचाकर बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन दुकानों के छज्जे गिरे हैं उनमें फोटो फ्रेम की दो दुकानें, एक ऑटोमोबाइल दुकान, एक कपड़ा दुकान और एक स्पोर्ट्स सामग्री की दुकान शामिल है।
दुकानदारों के अनुसार ये दुकानें नगर निगम की लगभग 40 वर्ष पुरानी हैं। उनका कहना है कि मुख्य सड़क पर पास ही मेट्रो परियोजना का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण जमीन धंसने से यह घटना हुई हो सकती है।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्रीय विधायक भगवान दास सबनानी और पार्षद जगदीश यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए मामले की जांच कराए जाने की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित