सीहोर , फरवरी 01 -- मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में रविवार सुबह अहमदाबाद से भोपाल आ रही एक स्लीपर कोच बस भोपाल-इंदौर मार्ग पर अनियंत्रित होकर पलटने से एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। शेष सभी यात्री सुरक्षित हैं।
पुलिस के अनुसार अहमदाबाद से भोपाल जा रही स्लीपर बस इंदौर-भोपाल राजमार्ग पर सुबह सवा आठ बजे आष्टा थाना क्षेत्र में बेड़ाखेड़ी जोड़ के पास एक मवेशी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर कर पलट गई। बस में 20 से 25 यात्री थे। इस घटना में छत्तीसगढ़ के कांकेर निवासी यात्री हरिश्चंद्र पटेल (27) घायल हुए हैं। घायल को अमलाहा टोल की एम्बुलेंस द्वारा उपचार हेतु अपोलो अस्पताल आष्टा भेजा गया है। बस में सवार शेष सभी यात्री सुरक्षित हैं।
इस हादसे की सूचना मिलने पर अमलाहा चौकी और थाना आष्टा पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। घटना की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित