धार , जनवरी 19 -- आगामी बसंत पंचमी को लेकर भोजशाला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को इंदौर कमिश्नर डॉ. सुदामा खंडे एवं आईजी इंदौर अनुराग सिंह धार पहुंचे। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने उन्हें स्थिति से अवगत कराया। इस दौरान हिंदू एवं मुस्लिम समाज के प्रतिनिधि मंडलों से अलग-अलग बंद कमरे में चर्चा की गई।

शहर के सर्किट हाउस में हुई बैठक में हिंदू समाज की ओर से गोपाल शर्मा एवं अशोक जैन तथा मुस्लिम समाज की ओर से शहर काजी वकार सादिक, हाजी मुजीब कुरेशी, सोहेल निसार, जावेद अंजुम साहब एवं सदर अब्दुल समद सहित कुल आठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

भोज उत्सव समिति के संरक्षक अशोक जैन ने बताया कि प्रशासन के साथ सकारात्मक चर्चा हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मां सरस्वती की पूजा सूर्योदय से सूर्यास्त तक अखंड रूप से होगी। जैन ने कहा कि उनके पास पूर्व का आदेश मौजूद है, जिसे ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन को सौंप दिया गया है। बाद में जोड़े गए सप्लीमेंट्री आदेश से उनका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने मांग की कि पूजा के समय मंदिर एवं परिसर पूरी तरह खाली रखा जाए।

बैठक के बाद मुस्लिम समाज सदर अब्दुल समद ने मीडिया से चर्चा में कहा कि पूर्व वर्षों में भी समाज ने प्रशासन का पूरा सहयोग किया है। सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। मुस्लिम समाज का रुख स्पष्ट है कि नमाज पढ़ी जाएगी, लेकिन वह सांकेतिक और सीमित संख्या में होगी। उन्होंने बताया कि अब प्रशासन और समाज दोनों एएसआई के आगामी आदेश का इंतजार कर रहे हैं। सदर अब्दुल समद ने शहर में शांति बनाए रखने और भ्रामक गतिविधियों पर रोक लगाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित