डेहरी आन सोन , फ़रवरी 10 -- ) भोजपुरी सुपर स्टार पवन सिंह आचार संहिता उल्लंघन मामले में रोहतास जिले में डेहरी अनुमंडल व्यवहार न्यायालय के अनुमंडलीय न्यायिक दंडाधिकारी रजत दीप की अदालत में आज प्रस्तुत हुए, जहाँ उन्हें जमानत मिल गईlपावर स्टार के नाम से चर्चित भोजपुरी अभिनेता तथा गायक पवन सिंह आज अपनी वाई प्लस सुरक्षा के साथ न्यायलय परिसर में पहुंचे।

श्री सिंह के अधिवक्ता मनोज कुमार अज्ञानी के अनुसार वर्ष 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के दौरान अकोढ़ी गोला थाने में आचार संहिता के उलंघन मामले में श्री सिंह के साथ राजपुर निवासी अम्बुज कुमार सिंह पर प्राथमिकी हुई थी। इसी मामले में अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी रजत दीप के न्यायालय में उपस्थित हुए। न्यायालय ने दलीलें सुनने के बाद दोनों को जमानत दे दी।

पवन सिंह 2024 में काराकाट लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरे थे। जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। चुनाव प्रचार के दौरान दर्जनों लग्जरी गाड़ियों के काफिले के कारण उनके उपर आचार संहिता उल्लंघन का मुकदमा दर्ज किया गया था। इस दौरान आचार संहिता उल्लंघन मामले में पवन सिंह पर कुल छः केस दर्ज किए गए थे, जिसमें पांच केस बिक्रमगंज थाने में तथा एक केस अकोढीगोला थाना में दर्ज हुआ था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित