प्रयागराज , अक्टूबर 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने बिहार विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव के प्रचारक की भूमिका पर सवाल उठाया है।
छठ महापर्व के बाद सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के बिहार चुनाव में चुनाव प्रचार के लिए जाने की चर्चा तेज हो गई है। इस पर श्री चौधरी ने कहा कि अखिलेश यादव की पार्टी बिहार में चुनाव नहीं लड़ रही है और उनका कोई प्रत्याशी भी चुनाव मैदान में नहीं है तो वह वहां क्यों जा रहे हैं, इसकी ज्यादा जानकारी मीडिया को हो सकती है।
उन्होने कहा है कि भाजपा बिहार में एनडीए गठबंधन में नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ रही है। भाजपा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी बिहार में दी है। श्री चौधरी ने कहा है कि योगी आदित्यनाथ जहां बिहार में स्टार प्रचारक हैं। वहीं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सह प्रभारी के रूप में काम कर रहे हैं।
श्री चाैधरी ने कहा कि बड़ी संख्या में पार्टी के पदाधिकारी पार्टी के चुनाव प्रबंधन और बूथ मैनेजमेंट का काम बिहार में कर रहे हैं। उन्होंने कहा " जो हमारे लोकप्रिय जननेता हैं, उनकी भी सभाएं बिहार में लगातार हो रही है। बिहार में 20 वर्षों में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में और देश में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में 11 सालों में जो बिहार में कार्य किए हैं। उन्हीं कामों का लेखा-जोखा लेकर हम जनता के बीच में हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित