भुवनेश्वर , फरवरी 24 -- ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में लिंगीपुर स्थित धौली क्षेत्र में सोमवार देर रात एक थोक सुपरमार्केट में भीषण आग लगने से लाखों रुपये कीमत की संपत्ति जलकर खाक हो गयी ।आग पर काबू पाने के लिये पूरी रात अग्निशमन अभियान जारी रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 10 बजे चार मंजिला 'सुपर मार्ट' इमारत की तीसरी मंजिल से आग की लपटें उठती देखी गईं। परिसर में बड़ी मात्रा में रखे ज्वलनशील सामान, विशेषकर प्लास्टिक उत्पादों के कारण आग तेजी से फैल गई और पूरी मंजिल को अपनी चपेट में ले लिया।
अग्निशमन विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन लपटें कई घंटों तक भड़कती रहीं। स्थिति पर काबू पाने के लिए कई दमकल गाड़ियों को लगाया गया। अधिकारियों के अनुसार, आग बुझाने के लिए 15,000 लीटर क्षमता वाले लगभग 40 पानी के टैंकरों का इस्तेमाल किया गया।
इस दौरान सुपरमार्केट में रखा प्लास्टिक सामान सहित काफी मात्रा में अन्य माल जलकर नष्ट हो गया। यह भवन प्लास्टिक उत्पादों के थोक व्यापार का केंद्र है, जहां से पूरे राज्य में आपूर्ति की जाती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित