हाजीपुर , मई 08 -- बिहार में वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के निर्देश पर जिले में पड़ रही भीषण गर्मी एवं बढ़ते तापमान को देखते हुए आमजनों को राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जिले के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
इस पहल के तहत नगर परिषद एवं नगर पंचायत क्षेत्रों में प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों, बस पड़ावों, रेलवे स्टेशन के आसपास, अस्पतालों तथा अधिक भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर स्वच्छ एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे राहगीरों, मजदूरों, रिक्शा चालकों, दुकानदारों एवं आम नागरिकों को गर्मी से राहत मिल सके।
जिला पदाधिकारी ने सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि प्याऊ स्थलों पर नियमित रूप से स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा साफ-सफाई एवं रख-रखाव का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया है कि जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त जलापूर्ति एवं अस्थायी प्याऊ की व्यवस्था भी की जाए।उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान आमजनों के स्वास्थ्य एवं सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिला प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है तथा नागरिक सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिये आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित