भीलवाड़ा , जनवरी 22 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती की पूर्व संध्या पर गुरुवार को विद्या भारती द्वारा आयोजित विराट पथ संचलन में सैकड़ों विद्यार्थियों ने शहर को अनुशासन और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यार्थियों के पूर्ण गणवेश में कदमताल और घोष दल की गूंज शास्त्रीनगर से लेकर पूरे मार्ग तक सुनाई दी, जिसे देखकर हर शहरवासी का सिर गर्व से ऊंचा हो गया। पथ संचलन का शुभारंभ शास्त्रीनगर स्थित आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय से हुआ। भगवा ध्वज के पूजन के साथ संचलन की शुरुआत की गई। सटीक तालमेल के साथ कदम बढ़ाते सैकड़ों विद्यार्थियों का दृश्य अत्यंत मनोहारी रहा। संचलन का मुख्य आकर्षण विद्यालय का घोष दल रहा, जिसकी धुन पर विद्यार्थियों ने पूरे मार्ग में अनुशासित मार्च किया।

संचलन शास्त्रीनगर से बड़ला चौराहा, जूनावास और बड़ा मंदिर होते हुए हिंदू महासभा कार्यालय पहुंचा। इसके पश्चात भीमगंज थाना और सूचना केंद्र से होते हुए गोल प्याऊ चौराहे पर पहुंचा, जहां नागरिकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद पथ संचलन नेताजी सुभाष मार्केट, सिटी कोतवाली और सिंधुनगर से गुजरते हुए गुरुद्वारा और गुरु गोविंद सिंह चौराहे से वापस विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुआ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित