भीलवाड़ा , जनवरी 30 -- राजस्थान में भीलवाड़ा में चित्तौड़ रोड स्थित पुराने बस स्टैंड के आसपास अतिक्रमण करने पर शुक्रवार को नगर विकास न्यास (यूआइटी) ने कार्रवाई की।

यूआईटी के दल ने सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित हो रहे ढाबों और दुकानों के बाहर किए गए पक्के एवं कच्चे अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के दौरान देखते ही देखते मौके पर भारी हंगामा भी हुआ। पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर विकास न्यास के तहसीलदार दिनेश यादव के नेतृत्व में यह कार्रवाई आज सुबह शुरू हुई। दल ने चित्तौड़ रोड स्थित कमल रेस्टोरेंट सहित कई अन्य होटलों और ढाबों के बाहर सड़क सीमा में किए गए अतिक्रमण को हटा दिया। तहसीलदार यादव ने बताया कि इन दुकानदारों को पूर्व में नोटिस जारी करके चेतावनी दी गई थी कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें लेकिन निर्देशों की अवहेलना करने पर आज न्यास को सख्त कदम उठाना पड़ा।

यूआईटी का दस्ता जब अतिक्रमण हटाने पहुंचा, तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते मौके पर हंगामा बढ़ गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए तैनात पुलिसकर्मियों ने सख्ती दिखाई और बाधा उत्पन्न कर रहे एक युवक को पकड़कर थाने भेज दिया। इसके बाद कार्रवाई सुचारू रूप से जारी रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित