भीलवाड़ा , फरवरी 17 -- राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र में सोमवार रात चोरों ने एक प्रसिद्ध मंदिर को अपना निशाना बनाते हुए मंदिर के ताले तोड़कर वहां से कीमती सामान चोरी कर लिया।

इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। प्राप्त जानकारी के अनुसार भादू ग्राम स्थित सत्यनारायण भगवान के मंदिर पर चोरों ने धावा बोला। चोर मंदिर के भीतर से भगवान का चांदी का छत्र और पूजा में काम आने वाली अन्य बहुमूल्य सामग्री चुराकर ले गये।

सूत्रों ने बताया कि चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गयी है। फुटेज में चोर मंदिर के भीतर वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित