भीलवाड़ा , फरवरी 24 -- राजस्थान के भीलवाड़ा में होली के त्योहार को देखते हुए आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू के निर्देशानुसार, खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने मंगलवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान तीन अलग-अलग प्रतिष्ठानों से नमूने लिये गये और बड़ी मात्रा में अवधि पार सामान नष्ट करवाया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के दल ने माण्डलगढ़ और बीगोद कस्बे में औचक निरीक्षण किया। दल ने त्रिवेणी चौराहा स्थित 'मेसर्स भवानी, जोधपुर स्वीट' से बर्फी का नमूना लिया। बस स्टैंड रोड स्थित 'मेसर्स भगवान ट्रेडर्स' से कच्ची घानी सरसों के तेल (ट्रेन मार्का) का नमूना लिया गया। यहां बड़ी लापरवाही मिली, जिस पर 40 किलोग्राम अवधिपार खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
इसके अलावा, बीगोद के पुराना हॉस्पिटल रोड स्थित 'नमोकार ट्रेडर्स' से लाल मिर्च का नमूना लिया गया और वहां से पांच किलोग्राम अवधिपार चॉकलेटजब्त करके नष्ट करवायी गयी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ संजीव कुमार शर्मा ने बताया कि सभी जब्त नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए अजमेर भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मिलावट पाये जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारी सीजन के दौरान विभाग की यह निगरानी लगातार जारी रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित