भीलवाड़ा , जनवरी 12 -- राजस्थान में भीलवाड़ा के आजाद चौक क्षेत्र में अतिक्रमण के चलते लोगों की आवाजाही में हो रही लगातार परेशानी के विरोध में सोमवार को क्षेत्र की दुकानें बंद रखी गईं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अवैध केबिनों और फुटपाथ पर फैलते कारोबार के कारण हालात बद से बदतर हो गए हैं। आजाद चौक क्षेत्र के निवासियों ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कुछ दुकानदारों और राजनीतिक संरक्षण प्राप्त लोगों द्वारा सड़कों पर कारोबार करने वालों को शरण दी जा रही है और उनसे वसूली भी की जा रही है। इसी कारण सड़कें और फुटपाथ पूरी तरह घिर गए हैं।
स्थानीय लोगों ने बताया कि अतिक्रमण के चलते न तो क्षेत्र में वाहन पार्किंग संभव है और न ही स्कूल बसों का आना जाना हो पा रहा है। बच्चों को स्कूल छोड़ने और लेने के लिए अभिभावकों को काफी दूर तक जाना पड़ता है। लोगों का कहना है कि यह क्षेत्र आवासीय होने के बावजूद अवैध गतिविधियों के कारण पूरी तरह व्यावसायिक रूप ले चुका है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित