अलवर , अप्रैल 18 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित रिलैक्सो चौक के पास शनिवार को श्रमिक विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रिलैक्सो फुटवियर कंपनी में 1090 रुपये वेतन वृद्धि के प्रस्ताव के बाद भी श्रमिकों का एक वर्ग संतुष्ट नहीं था। इसी को लेकर कहरानी स्थित इकाई के श्रमिकों ने कंपनी प्रबंधन से बातचीत के लिए एक प्रतिनिधिमंडल भेजने की मांग की।
बताया जा रहा है कि बातचीत की प्रक्रिया के दौरान ही दो अलग-अलग इकाइयों के श्रमिक आमने-सामने हो गए। स्थिति इतनी बिगड़ गयी कि श्रमिकों के बीच कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट में बदल गया। सूत्रों के अनुसार कुछ श्रमिकों के साथ हाथापाई भी की गयी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गयी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज भी किया गया। इस कार्रवाई के बाद स्थिति नियंत्रण में आई, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और दोनों पक्षों से बातचीत करके स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित