अलवर , मार्च 21 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस ने रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने वाले एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार बदमाश की पहचान सुनील कुमार उर्फ सुक्कन (30) निवासी जिला रेवाड़ी (हरियाणा) के रूप में हुई है, जो कुख्यात विनोद कारिया गिरोह का सदस्य बताया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि मार्च 2023 में एक भोजनालय के संचालक खेमचंद सैनी के भोजनालय पर विनोद उर्फ कारिया गुर्जर अज्जू गुर्जर सहित तीन-चार बदमाश आये और उन्होंने उससे हफ्ता (रंगदारी) मांगते हुए जान से मारने की धमकी दी। इस मामले में विनोद, अज्जू, आजाद, कृष्ण कुमार को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।

पुलिस ने बताया कि साइबर और तकनीक की मदद से पुलिस ने इस मामले एक अन्य वांछित बदमाश सुनील कुमार के ठिकाने का पता लगाकर उसे दबोच लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुनील कुमार पहले भी चोरी, लूट और रंगदारी जैसे कई मामलों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित