अलवर , अप्रैल 28 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले के भिवाड़ी के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित क्राउन रबर पॉलीमर फैक्ट्री में मंगलवार शाम को अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही समय में पूरी इकाई धुएं और लपटों से घिर गई। सूचना मिलते ही रीको फायर स्टेशन, नगर परिषद की दमकल गाड़ियां और अन्य औद्योगिक इकाइयों से फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।

घटना के दौरान सबसे पहले आसपास की कंपनियों में काम कर रहे श्रमिकों और कर्मचारियों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। रबर और रसायनयुक्त सामग्री के कारण आग लगातार भड़कती रही, जिससे दमकलकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

मौके पर भिवाड़ी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं। जिन्होंने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा घेरा बनाकर राहत कार्यों की निगरानी की।

उल्लेखनीय है कि इसी फैक्ट्री में पिछले वर्ष भी भीषण आग लग चुकी हैं, जो दो से तीन दिन तक धधकती रही थी। इसके बावजूद आग लगने के कारणों का अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।

फिलहाल आग पर काफी हद तक नियंत्रण पा लिया गया है, लेकिन कूलिंग का कार्य जारी है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित