दुर्ग/भिलाई , जनवरी 20 -- त्तीसगढ के भिलाई में स्थित हरिओम इंगोट्स एंड पावर लिमिटेड के कार्यालय में जीएसटी विभाग की टीम ने सोमवार को जांच कार्रवाई शुरू की थी, जो आज मंगलवार को भी जारी है।

अचानक हुई इस कार्रवाई से कंपनी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जीएसटी विभाग की दो टीमें अलग-अलग वाहनों से कंपनी कार्यालय पहुंचीं। कुल सात अधिकारियों ने कार्यालय में प्रवेश कर कंपनी को अपने अधिकार क्षेत्र में लेते हुए दस्तावेजों की विस्तृत जांच प्रारंभ की। इस दौरान बिल, जीएसटी रिटर्न, इनवॉइस, टैक्स भुगतान से संबंधित अभिलेख तथा इनपुट टैक्स क्रेडिट से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

दस्तावेजों की संख्या अधिक होने के कारण जांच प्रक्रिया लंबी चल रही है। अधिकारियों द्वारा रिकॉर्ड के माध्यम से संभावित अनियमितताओं की पड़ताल की जा रही है, इसी वजह से मंगलवार को भी जांच जारी रखी गई।

कंपनी सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान कंपनी का नियमित कार्य प्रभावित नहीं हुआ है और उत्पादन एवं कार्यालयीन कार्य सामान्य रूप से चलता रहा। जीएसटी टीम ने किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई है।

बताया जा रहा है कि कंपनी के मालिक फिलहाल मुख्यालय से बाहर हैं, हालांकि कंपनी के कर्मचारी जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा अधिकारियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए जा रहे हैं।

सोमवार को एक साथ सात अधिकारियों के कंपनी परिसर में पहुंचने से कर्मचारियों में कुछ समय के लिए हलचल जरूर देखी गई, लेकिन स्थिति शीघ्र ही सामान्य हो गई। देर शाम तक अधिकारी टैक्स और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच में जुटे रहे।

जीएसटी विभाग की ओर से इस कार्रवाई को लेकर अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित