दुर्ग , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के भिलाई नगर में चर्चित कथित एमएमएस प्रकरण को लेकर विधायक देवेंद्र यादव शनिवार को भिलाई नगर थाना पहुंचे और जांच प्रक्रिया में सहयोग करते हुए अपने फोटो एवं वीडियो सैंपल पुलिस को उपलब्ध कराये।

पुलिस ने सैंपल को विधिवत रिकॉर्ड में दर्ज कर सुरक्षित रखा है और अब इसे तकनीकी परीक्षण के लिए भेजने की तैयारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सैंपलिंग की पूरी प्रक्रिया थाना प्रभारी जितेंद्र वर्मा की मौजूदगी में संपन्न हुई। जांच एजेंसियां इन साक्ष्यों का परीक्षण कर यह स्पष्ट करने का प्रयास करेंगी कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो वास्तविक है या तकनीकी रूप से छेड़छाड़ कर तैयार किया गया है।

बताया गया है कि मामले में विधायक को पूर्व में भी नोटिस जारी किये गये थे। हाल ही में छह अप्रैल को भेजेगये नोटिस के बाद वे शनिवार को थाने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि संबंधित वीडियो को लेकर उन्होंने स्वयं करीब तीन वर्ष पूर्व प्राथमिकी दर्ज कराई थी, लेकिन जांच अब तक पूर्ण नहीं हो सकी है।

उन्होंने नोटिस की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि नोटिस में निर्धारित समय से बाद में सूचना प्राप्त हुई, जिससे अनावश्यक भ्रम की स्थिति बनी। साथ ही उन्होंने कहा कि चूंकि शिकायतकर्ता वे स्वयं हैं, इसलिए औपचारिकताओं के बजाय जांच को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

विधायक ने दोहराया कि वे हर स्तर पर जांच में सहयोग के लिए तैयार हैं और चाहते हैं कि मामले की निष्पक्षएवं पारदर्शी जांच हो, ताकि तथ्यों के आधार पर सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि यह कथित वीडियो पूर्व में चुनावी अवधि के दौरान वायरल हुआ था, जिसे उन्होंने उस समय ही भ्रामक और संपादित बताया था।

पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित