भिण्ड , फरवरी 9 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के लहार अनुभाग अंतर्गत असवार थाना क्षेत्र के बरहा-गिरवासा रोड पर आज बाइक सवार हथियारबंद बदमाशों ने एक दंपति से लूट की वारदात को अंजाम दिया। लूट के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने सड़क पर कंटीली झाड़ियां डालकर रास्ता रोक दिया, जिससे कुछ देर के लिए आवागमन ठप हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चंदावली गांव निवासी दंपति एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और कथित तौर पर कट्टे की दम पर लूटपाट की। आरोपियों ने महिला के पहने सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए और फरार हो गए। पीड़ितों द्वारा आसपास के ग्रामीणों को घटना की जानकारी देने पर लोग एकत्रित हो गए और विरोध जताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित