भिण्ड , फरवरी 2 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के अटेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम प्रतापपुरा स्थित देशी शराब दुकान पर मुफ्त में शराब न देने पर हुए विवाद में दो युवकों ने सेल्समैन को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल सेल्समैन को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घायल की पहचान रविंद्र सिंह यादव, निवासी ग्राम बिलाव के रूप में हुई है। वह घटना के समय प्रतापपुरा स्थित देशी शराब दुकान पर बैठा था। इसी दौरान गांव के ही अर्पित कांकर और भूरा भदौरिया दुकान पर पहुंचे और मुफ्त में शराब की बोतल मांगने लगे। जब रविंद्र सिंह ने शराब के पैसे लेने की बात कही तो दोनों युवक भड़क गए। पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने पिस्टल निकालकर रविंद्र सिंह पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़ा। घायल सेल्समैन का कहना है कि पहली गोली के बाद पिस्टल में दूसरी गोली फंस गई, जिससे आरोपी दोबारा फायर नहीं कर सके और उसकी जान बच गई। फायरिंग के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिण्ड पहुंचाया गया। चिकित्सकों के अनुसार रविंद्र सिंह की हालत गंभीर है और उसे निगरानी में रखा गया है। सूचना मिलने पर अटेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घायल की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित