भिण्ड , दिसंबर 2 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के गोहद स्थित डांग गांव में युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला के समधी जेपी कांकर सहित तीन लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी जेपी कांकर को देर रात हिरासत में ले लिया, जबकि उसके दोनों साथी फरार हैं।

घटना 30 नवंबर की रात उस समय हुई जब भिण्ड के मुरलीपुरा निवासी जेपी कांकर अपने साथियों सुनील कांकर और दीपू बोहरे के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। शराब के नशे में गौरव गुर्जर से हुई कहासुनी मारपीट में बदल गई और इसी दौरान जेपी कांकर ने फायरिंग कर दी। गोली गौरव के पेट में लगी, जिसे गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद ग्वालियर में पोस्टमॉर्टम के उपरांत गौरव का शव कल दोपहर गोहद लाया गया। शव रखकर परिजन और समाजजन ने हाईवे-719 पर जाम लगा दिया, जिससे दो किलोमीटर तक वाहनों की कतार लग गई। कई एम्बुलेंस और स्कूली बच्चे भी जाम में फंस गए। सूचना पर एडिशनल एसपी संजीव पाठक मौके पर पहुंचे और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम समाप्त कराया गया।

गोहद थाना पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। मुख्य आरोपी जेपी कांकर हिरासत में है, जबकि अन्य दो आरोपियों को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। भिण्ड एसपी असित यादव ने बताया कि जांच जारी है और प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित