भिण्ड , फरवरी 2 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले में धार्मिक पहचान को लेकर सरेआम मारपीट का मामला सामने आया है। शहर के बायपास क्षेत्र स्थित निरंजन बाटिका के पास भिक्षा मांग रहे दो कथित साधुओं को एक युवक ने पूछताछ के बाद पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

वायरल वीडियो में युवक साधुओं से उनकी जाति और धार्मिक पहचान को लेकर सवाल करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि उनसे ब्राह्मण होने का प्रमाण मांगा गया और महाभारत-रामायण से जुड़े प्रश्न पूछे गए। बताया जा रहा है कि साधु इन सवालों का संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए, जिसके बाद युवक ने उन्हें नकली साधु करार देते हुए गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। वीडियो में एक साधु के बाल खींचे जाने के दृश्य भी स्पष्ट हैं।

युवक ने साधुओं के पास मौजूद कुछ दस्तावेजों के उर्दू भाषा में लिखे होने पर भी सवाल उठाए और उनके बैग में आपत्तिजनक सामग्री होने का दावा किया, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना स्थल पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे और किसी ने बीच-बचाव नहीं किया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। फुटेज जब्त कर लिए गए हैं और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है और धार्मिक पहचान के आधार पर मारपीट करना गंभीर अपराध है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित