भिण्ड , फरवरी 01 -- मध्य प्रदेश के भिण्ड के कोतवाली थाना क्षेत्र में मेला ग्राउंड के पास एक ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिसमें मोटरसाइकिल में सवार बालिका की मौत हो गई और उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए है।घायलों का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि जिले के अकोड़ा गांव निवासी भगवान सिंह जाटव पत्नी सुनीता और पुत्री भाग्या के साथ शनिवार देर शाम खरीदारी करने भिण्ड आए थे। इसी दौरान मेला ग्राउंड के पास बायपास पर पीछे से आ रहे ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में बालिका भाग्या सड़क के बीच गिर गई, जबकि भगवान सिंह और उनकी पत्नी सड़क किनारे जा गिरे। तभी ट्रक का पहिया बालिका के ऊपर से निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घायल दंपति को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर ट्रक को जब्त कर लिया है। घटना की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित