भिण्ड , मार्च 18 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के फूप क्षेत्र में खनिज विभाग ने अवैध रेत कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छह धर्मकांटों पर जमा रेत को जब्त किया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार भिण्ड-इटावा मार्ग पर चंबल पुल से ओवरलोड रेत से भरे डंपरों के आवागमन पर प्रतिबंध के चलते चालक धर्मकांटों पर अतिरिक्त रेत उतार देते थे। बाद में यह रेत स्थानीय स्तर पर सस्ते दामों में बेची जाती और कथित तौर पर बिना रॉयल्टी के उत्तरप्रदेश में खपाई जाती थी, जिससे लाखों रुपये की अवैध कमाई हो रही थी।

सूत्रों के मुताबिक इस पूरे नेटवर्क की जानकारी संबंधित विभागों और स्थानीय पुलिस को भी थी, लेकिन कथित सांठगांठ के चलते लंबे समय से कार्रवाई नहीं हो रही थी। हाल ही में पदस्थ नए खनिज अधिकारी द्वारा सख्ती बरतने के बाद यह कार्रवाई की गई।

कार्रवाई के दौरान जब्त रेत को एक निजी ठेकेदार को सौंपे जाने की जानकारी सामने आने से विभागीय पारदर्शिता पर भी सवाल उठने लगे हैं। इस संबंध में खनिज अधिकारी पंकज ध्वज मिश्रा ने केवल इतना कहा कि अवैध रेत जब्ती की कार्रवाई जारी है और विस्तृत जानकारी देने से इंकार किया। इस कार्रवाई के बाद रेत कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है और मामले में आगे की जांच जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित