भिण्ड , फरवरी 7 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड नगरपालिका में संबल योजना के तहत हुए करोड़ों रुपये के घोटाले में पुलिस ने शुक्रवार को एक महिला सहित तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर फर्जी दस्तावेज और बैंक खातों के माध्यम से शासन की तीन करोड़ रुपये से अधिक की राशि गबन करने का आरोप है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में जितेंद्र वर्मा, संतोष शाक्य और मंजू अर्गल शामिल हैं। इस प्रकरण का मुख्य आरोपी राजेंद्र सिंह चौहान पहले ही गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है।

जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने संबल योजना की राशि हड़पने के लिए सुनियोजित तरीके से फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। इनमें से एक आरोपी ऑनलाइन दुकान का संचालक है, जो फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार करता था। इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर लाभार्थियों के नाम पर राशि स्वीकृत कराई जाती थी और बाद में वह रकम अपने अथवा रिश्तेदारों के बैंक खातों में स्थानांतरित कर ली जाती थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी मुख्य आरोपी राजेंद्र सिंह चौहान को फर्जी बैंक खाते उपलब्ध कराते थे, जिनमें घोटाले की राशि ट्रांसफर की जाती थी।

पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपियों ने आपसी मिलीभगत से लंबे समय तक इस फर्जीवाड़े को अंजाम दिया। मामले की विस्तृत जांच जारी है और संभावना जताई जा रही है कि इस घोटाले में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। पुलिस जल्द ही शेष संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी कर सकती है। उल्लेखनीय है कि मुख्य आरोपी राजेंद्र सिंह चौहान को लगभग दो माह पूर्व ही गिरफ्तार किया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित