भिंड , फरवरी 21 -- मध्यप्रदेश के भिंड-ग्वालियर राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 719 पर बस और वैन की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में पांच लोगों की मौत हो गई, वहीं 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें ग्वालियर रेफर किया गया है।
शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात लगभग तीन बजे हुई ये टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन पूरी तरह पिचक गई। उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। हादसा गोहद चौराहा थाना अंतर्गत छींमका गांव के पास हुआ।
गोहद चौराहा थाना प्रभारी मनीष धाकड़ के अनुसार, ईको वैन ग्वालियर से सवारियों को लेकर भिंड की ओर आ रहा था, जबकि बस ग्वालियर की ओर जा रही थी। अभी दो मृतकों की पहचान हुई है। दोनों भिंड जिले के है। इनके नाम अतुल शिवहरे निवासी फूप और जगदीश भदौरिया निवासी स्योड़ा गांव अकोड़ा है। बाकी के शिनाख्ती के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस परिजन का पता लगाने के लिए दस्तावेजों और वाहन नंबर के आधार पर जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि जिस जगह हादसा हुआ, वहां अंधा मोड़ है। दोनों वाहनों के तेज रफ्तार में होने की आशंका जताई जा रही है। हादसे की जांच जारी है। दोनों वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित