भिंड , फरवरी 24 -- मध्यप्रदेश के भिंड-ग्वालियर हाईवे पर स्थित बरैठा टोल प्लाजा पर सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
बाइक सवार दो बदमाशों ने कल टोल बूथ पर पिस्टल से फायरिंग की और धमकी भरी चिट्ठी फेंककर मौके से फरार हो गए। पूरी घटना टोल प्लाजा में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार बदमाश सिक्स लेन सड़क बनाने की मांग को लेकर कल टोल प्लाजा पहुंचे थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टोल प्लाजा पर फेंकी गई चिट्ठी में बदमाशों ने साफ चेतावनी देते हुए लिखा है कि हाइवे बनाओ या टोल हटाओ। इसके साथ यह भी लिखा गया कि आकाश भदौरिया जैसा अब कोई नहीं मरेगा। चिट्ठी में धमकी दी गई है कि अगर सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ तो इससे भी बड़ा कदम उठाया जाएगा। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और टोल प्लाजा के सभी सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिए। आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर बाइक सवार बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भिंड से ग्वालियर के बीच करीब 80 किलोमीटर लंबा हाईवे हादसों के लिए कुख्यात हो चुका है। इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिनमें लोगों की जान जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि खराब सड़क और बढ़ते ट्रैफिक के कारण हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। हाईवे को सिक्स लेन बनाने की मांग कई सालों से की जा रही है। इस मुद्दे को लेकर संत समाज, स्थानीय जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों ने कई बार धरना-प्रदर्शन किए हैं और प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपे हैं। इसके बावजूद अब तक सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हो पाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित