भिंड , फरवरी 11 -- मध्यप्रदेश के भिंड में नेशनल हाईवे-719 पर लगातार हो रहे हादसों और इस बजट में भी इसके लिए कोई प्रावधान नहीं होने को लेकर संत समाज ने अब आंदोलन की चेतावनी दी है।

दरअसल कल इस संबंध में कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना से प्रेस कांफ्रेंस में सवाल किया गया तो वे भड़क गए। उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस बीच में ही छोड़ दी और बिना जवाब दिए चले गए। इसके बाद अब संत समाज ने इस मामले को लेकर आंदोलन की चेतावनी दे दी है। आरोप है कि केंद्र सरकार के बजट में इस बार भी इस ग्वालियर-भिण्ड हाईवे को नजरअंदाज किया गया है, जिससे संत समाज और आस-पास के ग्रामीणों में नाराजगी है।

अखिल भारतीय संत समिति के जिला अध्यक्ष संत कालीदास महाराज ने कल ऐलान किया कि अब यह आंदोलन आखिरी होगा। देश के शंकराचार्य, मठ-मंदिरों के महंत और साधु-संत सड़क पर उतरेंगे। 20 से 25 दिनों में बड़े आंदोलन की रणनीति तय की जाएगी।

संतों का आरोप है कि ग्वालियर-भिंड हाईवे पर हर साल हो रही मौतें सरकारी फाइलों में सिर्फ आंकड़े बनकर रह गई हैं। जब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं होगा तब तक आंदोलन थमेगा नहीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित