भावनगर , जनवरी 31 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के भावनगर मंडल ने रेल यात्रियों में वैध टिकट लेकर यात्रा करने और डिजिटल रेलवे सेवाओं के उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे "मेरी टिकट, मेरी शान, विकसित भारत के लिए मेरा योगदान" अभियान के अंतर्गत शनिवार को भावनगर टर्मिनस, जूनागढ़ तथा वेरावल रेलवे स्टेशनों पर लोगों को जागरूक किया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि अभियान के दौरान स्टेशनों पर डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से आकर्षक क्रिएटिव्स प्रदर्शित किए गए, जिनके माध्यम से यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा करने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। इस अवसर पर वाणिज्य विभाग के रेलवे कर्मचारियों (टिकट निरीक्षकों) ने यात्रियों से सक्रिय संवाद स्थापित किया तथा उन्हें रेलवन ऐप की विस्तृत जानकारी दी। स्नेहा फाउन्डेशन ने भी ने जागरूकता फैलाने में सहयोग किया।

यात्रियों को ऐप के प्रमुख लाभों जैसे आसान टिकट बुकिंग, ट्रेनों की रीयल-टाइम जानकारी और एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध विभिन्न रेलवे सेवाओं के उपयोग के बारे में अवगत कराया गया। यह पहल यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने, डिजिटल रेलवे सेवाओं को अपनाने तथा एक अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं कुशल रेलवे प्रणाली के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित