भावनगर, सितंबर 26 -- पश्चिम रेलवे में गुजरात के भावनगर मंडल कार्यालय में शुक्रवार को विभागीय राजभाषा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया।
भावनगर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अतुल कुमार त्रिपाठी ने बताया कि राजभाषा माह 2025 के अंतर्गत भावनगर मंडल में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में आज रेलवे कम्युनिटी हॉल, भावनगर परा में विभागीय राजभाषा प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में मंडल के 13 विभागों ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जहाँ प्रत्येक विभाग ने अपने अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राजभाषा हिंदी में किए जा रहे कार्यों को प्रदर्शित किया। प्रदर्शनी का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक दिनेश वर्मा द्वारा किया गया। इस अवसर पर मंडल के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
श्री वर्मा ने प्रदर्शनी की सराहना करते हुए सभी विभागों को अधिक से अधिक कार्य हिंदी में करने हेतु प्रेरित किया तथा सभी को बधाई दी। साथ ही प्रदर्शनी के सफल आयोजन के लिए उन्होंने हिंदी विभाग की भी प्रशंसा की। राजभाषा माह के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए विभिन्न रुचिकर हिंदी प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जा रहा है, जिससे राजभाषा हिंदी के प्रयोग और संवर्धन को प्रोत्साहन मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित